गोपालगंज, सितंबर 11 -- बिहार के गोपालगंज सदर अस्पताल परिसर में साफ-सफाई एवं जलजमाव की सूचना को जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं।जिला पदाधिकारी ने नगर परिषद एवं अस्पताल प्रबंधन को तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा मरीजों एवं उनके परिजनों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिये।

निर्देश के आलोक में कार्यपालक पदाधिकारी अजय कुमार एवं डीपीएम धीरज कुमार आज तड़के सदर अस्पताल परिसर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके पर स्थिति का जायजा लेते हुए अपनी निगरानी में मॉडल अस्पताल परिसर में साफ-सफाई एवं जलजमाव की समस्या के निराकरण के लिये आवश्यक कार्रवाई कराई। परिसर में जल जमाव और गंदगी को साफ कराया गया।

जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिये हैं कि सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों एवं शैक्षणिक संस्थानों में नियमित तथा गुणवत्तापूर्ण साफ-सफाई सुनिश्चित हो ताकि आमजन एवं मरीजों की सुविधाओं से किसी भी स्तर पर समझौता न हो।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संस्थानों में स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में ऐसी शिकायतें प्राप्त होने पर संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मियों की जवाबदेही तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्राधिकार के सरकारी संस्थानों में स्वच्छता, जलनिकासी एवं जनसुविधाओं की नियमित निगरानी एवं उसके निवारण को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित