रायपुर , जनवरी 30 -- कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में देश की राजनीति में सत्य और अहिंसा के मूल्यों को अपनाने पर जोर दिया।
रायपुर में मीडिया से चर्चा करते हुए श्री कुमार ने कहा कि भारत की पहचान हिंसा या असत्य से नहीं, बल्कि सत्य और अहिंसा की परंपरा से बनी है, जिसे भूलना देश के भविष्य के लिए घातक होगा।
उन्होंने कहा, "गांधी जी का बलिदान दिवस केवल श्रद्धांजलि देने का नहीं, बल्कि उनके विचारों पर चलने का संकल्प लेने का दिन है।" छत्तीसगढ़ की धरती पर आने को श्री कुमार ने अपना सौभाग्य बताया और कहा कि आज के दौर में गांधी के विचार पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हो गए हैं।
गोडसेवादी राजनीति के सवाल पर कांग्रेस नेता ने कहा कि महात्मा गांधी का मानना था कि सच्चा इंसान वही है, जो दूसरों के दुख को अपना दुख समझे लेकिन वर्तमान समय में राजनीति का एक बड़ा हिस्सा नफरत और विभाजन की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है, जो समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित