नयी दिल्ली , जुलाई 09 -- स्वतंत्रता सेनानी और संविधान सभा के सदस्य सत्यनारायण सिन्हा की 125वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को यहां श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम का आयोजन उनके नाती एवं वरिष्ठ पत्रकार राकेश कुमार सिंह ने किया, जिसमें उनके परिवारजनों, शुभचिंतकों और गणमान्य लोगों ने श्री सिन्हा के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया तथा उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

बिहार के एक जमींदार परिवार में नौ जुलाई 1900 में जन्मे श्री सिन्हा ने मुजफ्फरपुर जिला स्कूल से शिक्षा प्राप्त की और बाद में पटना विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई की। वे स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े और 1924 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में शामिल हुए। वर्ष 1926 में बिहार विधान परिषद तथा 1934 में केंद्रीय विधान सभा के सदस्य बनने के बाद उन्होंने सार्वजनिक जीवन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभायीं।

स्वतंत्र भारत के संविधान निर्माण में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे बिहार से संविधान सभा के सदस्य चुने गये और बाद में लगातार प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ लोकसभा के सदस्य रहे। केंद्र सरकार में उन्होंने सूचना एवं प्रसारण मंत्री तथा संसदीय कार्य एवं संचार मंत्री के रूप में कार्य किया। वर्ष 1971 से 1977 तक उन्होंने मध्य प्रदेश के राज्यपाल का दायित्व भी संभाला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित