जौनपुर , अक्टूबर 15 -- वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो राकेश कुमार सिंह ने गुरुवार को कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का जीवन विद्यार्थियों के लिए आदर्श और प्रेरणा स्रोत है। उनके जीवन से हमें सत्य, अनुशासन, त्याग, कर्तव्य निष्ठा, विनम्रता और मर्यादा का पालन करना सीखना चाहिए।

विश्वविद्यालय के मानव संसाधन विकास (एचआरडी) विभाग द्वारा गुरुवार को परिसर स्थित मंदिर प्रांगण में 'रामोत्सव-2026' का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भजन-कीर्तन, नृत्य प्रस्तुति, श्री हनुमान चालीसा पाठ एवं श्रीराम स्तुति के सामूहिक वाचन के माध्यम से भक्ति, आस्था और सांस्कृतिक मूल्यों का सुंदर संदेश दिया।

प्रो. सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को श्रीराम के आदर्शों को केवल उत्सवों तक सीमित न रखते हुए अपने व्यवहार, अध्ययन और सामाजिक जीवन में उतारना चाहिए। युवा केवल अपनी व्यक्तिगत सफलता तक सीमित न रहें, बल्कि अपने ज्ञान, कौशल और चरित्र के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र के विकास में भी योगदान दें।

कार्यक्रम का शुभारंभ विभाग के शिक्षक डॉ. प्रवीण कुमार मिश्र ने गणेश वंदना के गायन के साथ किया। कार्यक्रम की पहली कड़ी में अंशिका सिंह ने मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जीवन एवं आदर्शों पर अपने विचार रखे। शुभांगी श्रीवास्तव ने 'बजाओ ढोल, स्वागत में मेरे घर राम आए हैं' गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित