पटना , अप्रैल 26 -- बिहार के पूर्व मंत्री और पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रभारी मंगल पांडेय ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में हुए भारी मतदान को बदलाव का संकेत बताते हुए रविवार को दावा किया है कि राज्य में भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। श्री पांडेय ने आज बयान जारी कर कहा कि अब बंगाल भय नहीं बल्कि भरोसे के साथ है। उन्होंने कहा कि यहां की जनता तृणमूल कांग्रेस ( टीएमसी) के कार्यकर्ताओं के डर से पहले उनके पक्ष में वोटिंग करती थी, लेकिन अब केंद्रीय बलों की तैनाती ने डर को दूर किया और सभी ने भाजपा के पक्ष में जमकर मतदान किया है। उन्होंने कहा कि अब चार मई को चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आ रही है।

श्री पांडेय ने कहा कि पहले चरण के चुनाव में हुए मतदान ने बदलाव की लहर की पुष्टि कर दी है। जनता का इस कदर समर्थन भाजपा की जीत का संकेत है। उन्होंने कहा कि 152 सीटों पर लगभग 92.6 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है, जो अबतक के इतिहास में सबसे अधिक है। इतने अधिक मतदान ने राजनीतिक विश्लेषकों और सभी राजनीतिक दलों को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर यह भारी मतदान का संकेत क्या है। खास बात यह है कि 2011 में भी जब रिकॉर्ड लगभग 85.55 प्रतिशत वोटिंग हुई थी तब बड़ा बदलाव देखने को मिला था। उस समय 34 साल पुरानी लेफ्ट फ्रंट सरकार सत्ता से बाहर हो गई थी। अब पुनः वहीं स्थिति इस बार बन गई है। ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस की सरकार बंगाल की सत्ता से बेदखल होने वाली है।

पूर्व मंत्री श्री पांडेय ने कहा कि जब भी ज्यादा मतदान होता है, वह बदलाव की इच्छा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2011 में उच्च मतदान ने सत्ता परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त किया था। बंगाल के मतदाता बेहद जागरूक हैं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय रूप से हिस्सा लेते है। वो जान गए हैं कि ममता बनर्जी उन्हें डराकर भय, हिंसा, अराजकता और भ्रष्टाचार के सिवा कुछ नहीं दे सकतीं।

भाजपा नेता श्री पांडे ने आरोप लगाया कि बंगाल में बेरोजगारी, भय और अराजकता का माहौल है, जिससे महिला, बुजुर्ग और युवा सभी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि हिंदु मतदाताओं को डराकर अपने पक्ष में रखने वाली ममता सरकार के सामने अब देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा की गारंटी और उनका भरोसा जनता को लुभा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित