रांची , नवंबर 07 -- झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता अख्तर अली ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की विभाजनकारी राजनीति और अल्पसंख्यक नेताओं को लगातार निशाना बनाने की मानसिकता पर कड़ा प्रहार किया है।
श्री अली ने कहा कि बीजेपी अल्पसंख्यकों की तरक्की, उनके लोकतांत्रिक अधिकारों और राज्य के विकास में उनकी भागीदारी को बर्दाश्त नहीं कर पा रही है। प्रदेश प्रवक्ता ने बीजेपी की कार्रवाई और मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा मंत्री इरफान अंसारी के बयान को बेवजह तूल देकर बीजेपी के पूर्वप्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराना उनकी कुंठित राजनीति को दर्शाता है। ठीक इसी तरह मंत्री हफीजुल हसन के बयानों को तोड़-मरोड़कर उन्हें मधुपुर उपचुनाव की धमकियां दी गईं, पूर्व मंत्री आलमगीर आलम के मामले में बिना किसी संदिग्ध दस्तावेज या पैसे की बरामदगी के उन्हें जेल में रखने की स्थिति पैदा की गई, जो यह साफ करती है कि केंद्रीय एजेंसियों और सत्ता तंत्र का इस्तेमाल केवल राजनीतिक प्रतिशोध के लिए किया जा रहा है।
श्री अली ने बीजेपी के दोहरा चरित्र पर सवाल उठाते हुए पूछा जब बीजेपी सत्ता में होती है, तो अल्पसंख्यकों को लक्षित कर मॉब लिंचिंग जैसी घटनाओं को बढ़ावा देती है और जब जनता उन्हें सत्ता से बेदखल कर देती है,तो वेअल्पसंख्यक मंत्रियों के खिलाफ चौबीसों घंटे साजिशें रचने में जुट जाते हैं।
श्री अली ने बीजेपी से पूछा क्या मुसलमान इस देश के सच्चे नागरिक नहीं हैं आखिर बीजेपी को देश के अल्पसंख्यकों से इतनी नफरत क्यों है? क्या मुसलमान इस मुल्क की प्रगति और तरक्की के बराबर के हिस्सेदार नहीं हैं? क्या इस देश की आजादी और इसके निर्माण में मुसलमानों का खुन और पसीना शामिल नहीं है? फिर क्यों बार-बार उनके वजूद और देशभक्ति पर सवाल उठाकर उन्हें दोयम दर्जे का नागरिक साबित करने की कोशिश की जाती है ?कांग्रेस प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि झारखंड की जनता बीजेपी की इस नफरती और बांटने वाली राजनीति को भली-भांति समझ चुकी है। राज्य के अल्पसंख्यक नागरिक और उनके प्रतिनिधि झारखंड के विकास के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करते रहेंगे और बीजेपी की किसी भी साजिश के आगे झुकेंगे नहीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित