चंडीगढ़ , मई 24 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष चुनाव जीतने के लिए "बूथ कैप्चरिंग" और दबाव की राजनीति का सहारा लेने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि पंजाब के लोग अब डर और धमकी की राजनीति को बर्दाश्त नहीं करेंगे।

चंडीगढ़ में रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान श्री जाखड़ ने कहा कि आप विधायकों और नेताओं द्वारा मतदान केंद्रों के दरवाजे बंद करने तथा बूथ कब्जाने जैसे बयान देना इस बात का संकेत है कि पार्टी पहले ही अपनी हार स्वीकार कर चुकी है। उन्होंने कहा कि साढ़े चार साल की "कुशासन" वाली सरकार के बाद अब जनता आप उम्मीदवारों को वोट देने के लिए तैयार नहीं है, इसलिए पार्टी अलोकतांत्रिक तरीकों से चुनाव "लूटने" की बात कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर पिछले साढ़े चार वर्षों में पंजाब के विकास पर ध्यान दिया जाता, तो सरकार को चुनाव में हेराफेरी की योजनाएं बनाने की जरूरत नहीं पड़ती।

श्री जाखड़ ने आरोप लगाया कि राज्य को 2.25 लाख करोड़ रुपये से अधिक के कर्ज में डुबो दिया गया, जबकि विकास कार्यों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।भाजपा नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार में भ्रष्टाचार, "गुंडाराज" और नशे का कारोबार खतरनाक स्तर तक पहुंच चुका है, जिससे आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पंजाब की जनता अब तय कर चुकी है कि अगली सरकार भाजपा की होगी।

स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर श्री जाखड़ ने लोगों से "वोट काटने वाली पार्टियों" से बचने और शहरी विकास के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कांग्रेस को भी "वोट काटने वाली पार्टी" बताते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व ने आप के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है और जनता के मुद्दों की अनदेखी की है।

श्री जाखड़ ने कहा कि जो नेता मतदान केंद्रों के दरवाजे बंद करने की बात कर रहे हैं, जनता अब उनके लिए "दरवाजे बंद" कर देगी। उन्होंने दावा किया कि आगामी जनगणना प्रक्रिया को देखते हुए पंजाब में विधानसभा चुनाव तय समय से पहले भी हो सकते हैं और मौजूदा सरकार के पास अब केवल कुछ ही महीने बचे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि जनता अब सुरक्षा, शांति और भाईचारे की राजनीति चाहती है और इसी कारण भाजपा की ओर बढ़ रही है। श्री जाखड़ ने भरोसा दिलाया कि भाजपा के सत्ता में आने पर "गुंडागर्दी" खत्म होगी, नशे पर लगाम लगेगी और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा किए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित