जयपुर , मई 06 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा है कि प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के कामों की,सत्ताधारी दल के विधायक ही पोल खोल रहे हैं।
श्री गहलोत ने बुधवार को एक बयान में कहा कि उदयपुर की समीक्षा बैठक में गोगुंदा से भाजपा विधायक प्रताप गमेती का यह कहना कि 'आंगनबाड़ी के पोषाहार को जानवर भी नहीं खाते', बेहद विचलित करने वाला है।
उन्होंने कहा कि विशेषकर आदिवासी क्षेत्रों में बच्चों और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य के साथ ऐसा खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। एक तरफ योजनाओं के क्रियान्वयन में भारी देरी और दूसरी तरफ मासूमों के निवाले में भ्रष्टाचार।
श्री गहलोत ने कहा कि उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के सामने अपनों ने ही आइना दिखा दिया है। भाजपा सरकार विज्ञापनों और बैठकों से आगे बढ़कर इन गरीब बच्चों की सुध कब लेगी। क्या इस भ्रष्टाचार की कभी जांच होगी या आदिवासियों के हक पर ऐसे ही भ्रष्टाचार चलता रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित