नयी दिल्ली , जुलाई 13 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने रेखा गुप्ता सरकार के 70 लाख पौधारोपण अभियान पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि राजधानी में ग्रीन कवर बढ़ाने के नाम पर केवल औपचारिकताएं निभायी जा रही हैं।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अभियान का शुभारंभ तो किया, लेकिन यह पहल कहीं फोटो सेशन तक सीमित होकर न रह जाए। दिल्ली जैसे प्रदूषण प्रभावित शहर में पीपल, नीम, बरगद और जामुन जैसे दीर्घायु एवं अधिक ऑक्सीजन देने वाले पेड़ों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इनकी जगह झाड़ियां, फूलों के पौधे और कम समय तक जीवित रहने वाले पौधे लगाकर वायु प्रदूषण से लड़ने का केवल दिखावा कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कई स्थानों पर पुराने पेड़ों और पौधों को हटाकर छोटे पौधे लगाये जा रहे हैं, जिससे ग्रीन कवर बढ़ाने का उद्देश्य पूरा नहीं होगा।

कांग्रेस नेता ने कहा कि मानसून के दौरान बड़े पैमाने पर पौधारोपण होना चाहिए था, लेकिन अभियान के शुभारंभ के बाद जमीनी स्तर पर काम दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों में पहले आम आदमी पार्टी और अब भाजपा सरकार पर्यावरण संरक्षण के मोर्चे पर प्रभावी परिणाम देने में विफल रही हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के 15 वर्ष के कार्यकाल में राजधानी का ग्रीन कवर बढ़ाने के लिए अधिक प्रभावी प्रयास किये गये थे और मौजूदा सरकार को भी दीर्घकालिक वृक्षारोपण पर ध्यान देना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित