मुंबई , अक्टूबर 23 -- बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर अपने दिवंगत दोस्त सतीश कौशिक को याद कर भावुक हो गए। टेलीविजन शो 'इंडिया के टॉप 1%- द अनिल कपूर शो' के आगामी एपिसोड में सतीश कौशिक जैसे दिखने वाले प्रतियोगी गगन से मुलाकात के दौरान अनिल ने अपने दोस्त के साथ बिताए यादगार पलों को साझा किया।

शो के दौरान गगन ने बताया कि लोग अक्सर उनकी शक्ल की तुलना सतीश कौशिक से करते हैं। उन्होंने दिल्ली में टेलीविजन शो 'सुमित संभाल लेगा' की शूटिंग के दौरान सतीश कौशिक से हुई मुलाकात का किस्सा भी सुनाया। उनकी बातों ने अनिल कपूर की पुरानी यादें ताजा कर दीं।

सतीश कौशिक के साथ अपने रिश्ते को याद करते हुए अनिल कपूर ने कहा, "उनके साथ मेरा जो रिश्ता था, उसे मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता। यह शूट यदि 70 मिनट का भी हो, तो भी उनके किस्से सुनाने के लिए वक्त कम पड़ जाएगा। वह मुझसे कहा करते थे कि तेरा टैलेंट लाजवाब है।"अनिल ने बताया कि वह प्यार से सतीश को 'डैनी डेविटो' बुलाते थे। दोनों को फिल्म 'ट्विन्स' बेहद पसंद थी और वे साथ में जुड़वां भाइयों की भूमिका निभाने की कल्पना करते थे। अनिल ने कहा, "यदि मेरा कोई जुड़वां भाई बन सकता है, तो वह सिर्फ सतीश था, क्योंकि उसको मेरे बारे में हर चीज पता थी। मेरा गुस्सा, मेरी खुशी, हर चीज। वह मुझे बहुत अच्छी तरह जानता था।"इस दौरान गगन और अनिल कपूर ने मंच पर सतीश कौशिक का मशहूर संवाद, "मेरा नाम है कैलेंडर, मैं चला किचन के अंदर!" दोहराया। इससे सतीश के हास्य अंदाज की यादें ताजा हो गईं। गगन की प्रस्तुति से खुश होकर अनिल ने कहा, "आपने मेरा दिल जीत लिया है।" उन्होंने मजाक में यह भी कहा कि यदि कोई 'ट्विन्स' से प्रेरित फिल्म बनाना चाहे, तो उन्हें और गगन को जुड़वां भाइयों की भूमिका में कास्ट करे।

'इंडिया के टॉप 1%- द अनिल कपूर शो' का प्रसारण हर शनिवार और रविवार रात आठ बजे स्टार प्लस पर होता है। यह शो जियोहॉटस्टार पर भी उपलब्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित