तिरुवनंतपुरम , मई 14 -- केरल में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीडी सतीशन राज्य के नये मुख्यमंत्री होंगे। वह सोमवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
श्री सतीशन ने आज यहां लोकभवन में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस की केरल प्रदेश प्रभारी दीपा दास मुंशी तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सन्नी जोसेफ भी थे।
केरल में दस वर्षों के बाद श्री सतीशन के नेतृत्व में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की सरकार बनेगी। निवर्तमान मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने विधानसभा चुनावों के परिणाम आने के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। राज्य में यूडीएफ को 140 सीटों में से 102 सीटों के साथ दो तिहाई से अधिक बहुमत मिला है।
इससे पहले श्रीमती दास मुंशी ने गुरुवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में बताया कि श्री सतीशन को केरल में पार्टी विधायक दल का नेता चुना गया है। इस मौके पर उनके साथ केरल के लिए नियुक्त किये गये केन्द्रीय पर्यवेक्षक अजय माकन और मुकुल वासनिक भी मौजूद थे।
श्रीमती दास मुंशी ने बताया कि गत सात मई को तिरुवनंतपुरम में पार्टी विधायक दल की बैठक में नेता चुनने का अधिकार पार्टी हाईकमान को दे दिया गया था। इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी, लोकसभा में पार्टी के नेता राहुल गांधी, केन्द्रीय पर्यवेक्षकों तथा केरल के पार्टी सांसदों और अन्य वरिष्ठ नेताओं से विचार विमर्श किया। इस सब के बाद श्री सतीशन का नेता पक्ष के लिए तय किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित