तिरुवनंतपुरम , मई 15 -- कांग्रेस नेता राहुल गांधी, वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्रियों समेत तमिलनाडु के नये मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय के सोमवार को केरल के नामित मुख्यमंत्री के वीडी सतीशन के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की उम्मीद है।

कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की सरकार इस कार्यक्रम को 'इंडिया' गठबंधन के हाई-प्रोफाइल जमावड़े में बदलने की तैयारी में दिखती है।

केरल के नये मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में आयोजित किया जायेगा, जहां यूडीएफ सरकार के औपचारिक कार्यभार संभालने के लिए व्यापक तैयारियां चल रही हैं।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और 'तमिलगा वेट्टी कड़गम' (टीवीके) नेता सी. जोसेफ विजय को आधिकारिक तौर पर इस समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।

दक्षिण भारत की सबसे प्रभावशाली राजनीतिक हस्तियों में से एक श्री विजय के आने की संभावना ने राज्य की राजधानी में राजनीतिक विश्लेषकों और श्री विजय के प्रशंसक संघों के बीच काफी उत्साह पैदा कर दिया है। बताया जा रहा है कि तिरुवनंतपुरम में 'थलपति' के प्रशंसक समूह उनके भव्य स्वागत की तैयारी कर रहे हैं।

राजनीतिक हलके श्री विजय को मिले इस निमंत्रण को केवल एक शिष्टाचार से कहीं बढ़कर देख रहे हैं। विश्लेषकों का मानना है कि इस समारोह में उनकी उपस्थिति दक्षिण भारत के विपक्षी दलों के बीच बढ़ते राजनीतिक समन्वय को रेखांकित करेगी और कांग्रेस नेतृत्व व टीवीके के बीच संबंधों को और मजबूती प्रदान करेगी।

श्री विजय को तमिलनाडु की राजनीति में कांग्रेस का प्रमुख सहयोगी माना जा रहा है और राष्ट्रीय स्तर पर भी उनके कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ करीबी संबंध हैं। उनकी पार्टी भाजपा-विरोधी राजनीतिक खेमे का हिस्सा है और क्षेत्रीय व राष्ट्रीय विपक्षी राजनीति में प्रभावशाली ताकत के रूप में उभरी है।

रिपोर्टों के अनुसार, श्री विजय के अलावा अन्य गैर-भाजपाई मुख्यमंत्रियों को भी निमंत्रण भेजा गया है। इनमें तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार शामिल हैं। वहीं हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी 18 मई को होने वाले इस समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा सकता है।

श्री राहुल गांधी और श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की उम्मीद है। इससे इस आयोजन का राष्ट्रीय राजनीतिक कद काफी बढ़ जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित