देवास , जून 11 -- मध्यप्रदेश में देवास जिले के सतवास में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी राष्ट्रीय बैलगाड़ी दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र सहित विभिन्न क्षेत्रों से 100 से अधिक बैलगाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे।

आयोजन का शुभारंभ सतवास के तालाब मैदान में हुआ। सुबह से ही आयोजन स्थल पर उत्साह का माहौल रहा और मेले जैसी रौनक देखने को मिली। तेज धूप और गर्मी के बावजूद सैकड़ों दर्शक बैलगाड़ी दौड़ का रोमांच देखने के लिए मैदान में डटे रहे।

प्रतियोगिता में देवास जिले के अलावा अन्य जिलों से आए प्रतिभागियों ने भी हिस्सा लिया। बैलगाड़ियों की तेज रफ्तार और रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। दौड़ के दौरान प्रतिभागियों के उत्साह और बैलों की गति ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता देर रात तक जारी रहने की संभावना है। आयोजन के दौरान सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित