फगवाड़ा , अक्टूबर 25 -- पंजाब सरकार के नशा विरोधी अभियान 'युद्ध नशे के विरुद्ध' के तहत आबकारी विभाग ने रविवार को सतलुज नदी के किनारे स्थित गागरेवाल गांव में नौ घंटे तक तलाशी अभियान चलाकर 10,500 लीटर लाहन बरामद की और मौके पर ही नष्ट कर दिया।
विभाग के अनुसार, यह विशेष अभियान आबकारी आयुक्त जितेंद्र जोरवाल, उप आबकारी एवं कराधान आयुक्त रंजीत सिंह, सहायक आयुक्त नवजीत सिंह और आबकारी अधिकारी सुखदीप सिंह चाहल के निर्देशों पर चलाया गया। आबकारी निरीक्षक जतिंदरपाल सिंह ने आबकारी पुलिस के साथ अभियान का नेतृत्व किया।
तलाशी अभियान सुबह पांच बजे शुरू हुआ और दोपहर दो बजे तक चला। इस दौरान सतलुज नदी के किनारे विभिन्न स्थानों की जांच की गयी। बरामद लाहन अवैध शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल है, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि अभियान का उद्देश्य अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाना और नदी किनारे संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के निर्माण और कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित