पौड़ी , अप्रैल 27 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढवाल जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस द्वारा लगातार सत्यापन एवं जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को थाना सतपुली पुलिस ने क्षेत्र में सघन अभियान चलाकर कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की।

पुलिस टीम ने अभियान के दौरान बिना सत्यापन के रह रहे 11 बाहरी व्यक्तियों को चिन्हित किया। इन सभी के विरुद्ध उत्तराखंड पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि बिना सत्यापन के रहना नियमों का उल्लंघन है और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इसके अलावा, चौकी लाल घाटी क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन कर हुड़दंग मचाने वाले छह व्यक्तियों के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई की।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित