बैतूल , मई 12 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के तवा बफर रेंज के रेंजर के सरकारी आवास में अज्ञात चोरों ने लगभग 10 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। घटना के बाद थाना क्षेत्र की सीमा को लेकर दो थानों के बीच विवाद की स्थिति बनी रही, जिससे देर रात तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार तवा बफर रेंज के रेंजर अमित सिंह चौहान का सरकारी आवास बैतूल-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग-46 स्थित रेंज कार्यालय परिसर में है। चौहान नौ और 10 मई को पारिवारिक कार्य से अवकाश पर बनखेड़ी गए हुए थे। इस दौरान आवास बंद था।

आशंका जताई जा रही है कि 10 मई की रात अज्ञात बदमाशों ने मकान का ताला और दरवाजे की कुंडी काटकर भीतर प्रवेश किया और अलमारी में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।

सोमवार दोपहर करीब दो बजे जब चौहान वापस लौटे तो घर का सामान बिखरा हुआ मिला। जांच करने पर अलमारी से 68 ग्राम वजनी सोने का नेकलेस, 22 ग्राम की सोने की चेन, 75 हजार रुपए नकद, एक चांदी का गिलास और एक मोबाइल फोन गायब मिला। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपए बताई गई है।

घटना की सूचना मिलने के बाद चौहान ने सबसे पहले शाहपुर थाना अंतर्गत भौंरा चौकी को सूचना दी, लेकिन पुलिस ने घटनास्थल को नर्मदापुरम जिले के केसला थाना क्षेत्र में बताया। इसके बाद केसला थाना प्रभारी मदनलाल पवार मौके पर पहुंचे, लेकिन निरीक्षण के बाद उन्होंने भी इसे शाहपुर थाना क्षेत्र का मामला बताते हुए रिपोर्ट वहीं दर्ज कराने की बात कही।

थाना प्रभारी पवार ने बताया कि इसी सरकारी आवास में वर्ष 2022 में भी चोरी हुई थी और उस समय मामला शाहपुर थाने में दर्ज किया गया था। दूसरी ओर भौंरा चौकी प्रभारी नीरज खरे ने कुछ हिस्सों को केसला थाना क्षेत्र में आने की बात कही। थाना सीमा को लेकर बनी असमंजस की स्थिति के कारण रेंजर को देर रात तक प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्राधिकार स्पष्ट होने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित