सतना , अप्रैल 18 -- मध्यप्रदेश में सतना जिले के मझगवां वन परिक्षेत्र अंतर्गत देवलहा के जंगल में आग लगने से लगभग पंद्रह हेक्टेयर वन क्षेत्र जलकर नष्ट हो गया। आग बुझाने के दौरान दो वनकर्मी अचेत हो गए।
वन विभाग के सूत्रों के अनुसार शुक्रवार दोपहर अज्ञात कारणों से जंगल में आग लगी, जो देखते ही देखते विकराल रूप ले गई। सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा और आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। आग पर काबू पाने के दौरान रामकृष्ण पांडेय और गोविंद यादव नामक दो वनकर्मी अचेत हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।
मझगवां वन परिक्षेत्र के प्रभारी रेंजर अभिषेक मिश्रा ने बताया कि करीब सात घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक लगभग पंद्रह हेक्टेयर वन क्षेत्र आग की भेंट चढ़ चुका था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित