शामली , अगस्त 11 -- उत्तर प्रदेश के शामली जिले में कांवड़ यात्रा के दौरान मंगलवार को हुए अलग-अलग सड़क हादसों में दो कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि करीब 12 शिवभक्त घायल हो गए।
बनत में हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़िये को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जबकि कांधला निवासी कांवड़िये की उत्तराखंड के मंगलौर में बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में मौत हो गई। बाबरी क्षेत्र में भी कांवड़ियों का वाहन बाइक सवार को बचाने के प्रयास में सड़क किनारे पलट गया, जिसमें करीब एक दर्जन कांवड़िये मामूली रूप से चोटिल हो गए।
जानकारी के अनुसार थाना आदर्श मंडी क्षेत्र के कस्बा बनत के पास मंगलवार सुबह करीब सात बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से गन्नौर, सोनीपत निवासी कांवड़िये कुणाल की मौत हो गई, जबकि उसका साथी अक्षय घायल हो गया। दोनों हरिद्वार से गंगाजल लेकर वापस लौट रहे थे। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को शामली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने कुणाल को मृत घोषित कर दिया। अक्षय का उपचार चल रहा है।
अक्षय के अनुसार कुणाल करीब 16 कांवड़ियों की टोली के साथ सात अगस्त को गन्नौर से हरिद्वार के लिए रवाना हुआ था। मंगलवार को गंगाजल लेकर वापस लौटते समय बनत क्षेत्र में किसी अज्ञात वाहन ने कुणाल और अक्षय की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के समय टोली के अन्य कांवड़िये आगे निकल चुके थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
एक अन्य हादसे में कांधला निवासी कांवड़िये की उत्तराखंड के मंगलौर क्षेत्र में बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में मौत हो गई। हादसे के संबंध में स्थानीय पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है।
इधर, थाना बाबरी क्षेत्र में हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे हरियाणा के कांवड़ियों का वाहन बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया। दुर्घटना में करीब एक दर्जन कांवड़िये मामूली रूप से चोटिल हो गए। सूचना मिलने पर बाबरी पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से वाहन को सीधा कराया।
इसके बाद कांवड़ियों ने दूसरा वाहन मंगाया और अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए। पुलिस द्वारा कांवड़ मार्ग पर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित