बेतिया , सितंबर 26 -- बिहार में पश्चिमी चम्पारण जिले के बेतिया शहर में बीती रात सड़क हादसे में व्यवसायी अरुण कुमार (48) की मौत हो गयी।

हादसा कालीबाग थाना क्षेत्र के सुप्रिया रोड स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-727 पर यामाहा शोरूम के समीप हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अरुण कुमार बुलेट मोटरसाइकिल से छावनी की ओर से अपनी दुकान लौट रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी।

इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल अरुण कुमार को तत्काल सुप्रिया रोड स्थित अष्टविनायक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गयी। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. विवेक कर्ण ने उनके निधन की पुष्टि की।

अरुण कुमार बेतिया के प्रमुख व्यवसायी तथा लाल बाजार के निवासी थे, जबकि उनका पैतृक निवास सिसवा बसंतपुर बताया गया है। वह कई व्यवसायों से जुड़े थे। सुप्रिया रोड में उनका एक व्यावसायिक परिसर भी है, जिसमें करीब 15 से 20 दुकानें संचालित होती हैं।

श्री कुमार दो पुत्रों में बड़े पटना में वकालत करते हैं, जबकि छोटे पुत्र ने इसी वर्ष यूक्रेन से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की है और वर्तमान में दिल्ली में रह रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित