हैदराबाद , जून 22 -- तेलंगाना में भूपालपल्ली जिले के घनपुरम मंडल में चेलपुर के पास क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय के सामने सोमवार को गाड़ियों की जांच करते समय जिला परिवहन अधिकारी (डीटीओ) वेंकन्ना (47) की सड़क हादसे में मौत हो गयी।
पुलिस के मुताबिक यह घटना तब हुई जब गाड़ी की जांच के दौरान जब्त किये गये एक हार्वेस्टर को सुरक्षित जगह पर ले जाया जा रहा था। इस दौरान एक बेकाबू ट्रक ने पहले हार्वेस्टर को टक्कर मारी और फिर श्री वेंकन्ना को टक्कर मार दी। वह अपनी कार के पास खड़े थे। उनकी मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि उनकी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गयी। हनमकोंडा के निवासी और 2012 बैच के परिवहन अधिकारी श्री वेंकन्ना का 15 दिन पहले ही जगतियाल से भूपालपल्ली जिले में स्थानांतरण हुआ था।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक चालक को हिरासत में लिया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस बीच, मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने अधिकारी की मौत पर गहरा दुख जताया और दुखी परिवार को हर मुमकिन मदद का भरोसा दिया। उन्होंने संयुक्त परिवहन आयुक्त चंद्रशेखर गौड़ को भी घटना की पूरी जांच करने और रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित