नरसिंहपुर , जुलाई 20 -- मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले के सुआतला थाना क्षेत्र में एक अज्ञात भारी वाहन की टक्कर से कार सवार चार युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी युवक जबलपुर से घूमने आए थे और वापस लौट रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया ने बताया कि जबलपुर से छह युवक कार से जिले की सीमा स्थित हाथीनाला वाटरफॉल घूमने आए थे। रविवार शाम जब वे वापस जबलपुर लौट रहे थे, तभी इंदिरा नगर के समीप उनकी कार को एक अज्ञात भारी वाहन ने टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया कि दुर्घटना में पांवला निवासी राजेन्द्र पटैल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पांच युवकों को उपचार के लिए जबलपुर ले जाया जा रहा था। इस दौरान शाहपुरा निवासी वीरेन्द्र लोधी (20), बरपटी निवासी जयपाल लोधी (30) तथा पांवला निवासी राजपाल लोधी (21) ने रास्ते में दम तोड़ दिया। दुर्घटना में घायल बरपटी निवासी आकाश लोधी (24) और नीरज लोधी (25) का जबलपुर मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार अज्ञात वाहन एवं उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित