पटना , अक्टूबर 04 -- पटना के जिलाधिकारी (डीएम) कुंदन कुमार ने संबंधित अस्पतालों एवं पुलिस पदाधिकारियों को सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को बिना किसी परेशानी के तत्काल उपचार उपलब्ध कराने का निर्देश दिए हैं।
डीएम ने प्रधानमंत्री राहत योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को भी कहा, जिससे दुर्घटना पीड़ितों को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सके और वे योजना के लाभ से वंचित न रहें।
प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल प्रत्येक पात्र व्यक्ति को आयुष्मान भारत योजना से निबंधित अस्पतालों में 1.50 लाख रुपये तक का निःशुल्क कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। दुर्घटना की तिथि से अगले सात दिनों तक उपचार का खर्च सरकार वहन करेगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति को 24 घंटे के भीतर अस्पताल में भर्ती कराये जाने पर योजना के तहत उपचार की सुविधा मिलेगी। अस्पताल प्रशासन मरीज का विवरण ऑनलाइन ट्रांजेक्शन मैनेजमेंट सिस्टम में दर्ज करेगा। इसके बाद पुलिस सत्यापन एवं आवश्यक अनुमोदन की प्रक्रिया पूरी कर पीड़ित को योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद का गोल्डन ऑवर अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा मिलने से गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की जान बचायी जा सकती है। प्रधानमंत्री राहत योजना का उद्देश्य इसी महत्वपूर्ण अवधि में दुर्घटना पीड़ितों को उपचार की सुविधा सुनिश्चित करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित