लखीसराय , सितंबर 19 -- बिहार में लखीसराय के जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न बिंदुओं, पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन तथा जिले में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए की जा रही कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जाम की समस्या, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, प्रदूषण जांच, ब्लैक स्पॉट के परिमार्जन, आईआरएडी एवं इडार , हिट एंड रन तथा गुड सेमेरिटन सहित अन्य बिंदुओं पर चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आमजनों को यातायात नियमों के प्रति लगातार जागरूक करने का निर्देश दिया।
बैठक में पिछले बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई। समाचार पत्रों के माध्यम से प्राप्त सूचना के आधार पर एनएच -80 पर अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई प्रारंभ किए जाने की जानकारी दी गई।
नगर कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि जमुई मोड़ से विद्यापीठ तक सड़क के दोनों किनारों से अतिक्रमण हटाने के लिये नियमित रूप से अभियान चलाया जा रहा है। वहीं, पत्र के माध्यम से प्राप्त सूचना के आधार पर मननपुर बाजार में विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित