अलवर , जनवरी 30 -- राजस्थान में अलवर शहर में सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए अब स्कूल के छात्र-छात्राएं भी सड़कों पर उतर गये हैं।

जागरुकता अभियान में छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को बिना हेलमेट वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल से बात करते हुए एवं सीट बेल्ट नहीं लगाने वालों को समझाया। छात्राओं ने कहा कि इसकी शुरुआत सबसे पहले अपने घर से ही करते हैं अगर हमारे ही परिवारजन ही इसका उल्लंघन करेंगे तो हम दूसरों को भी नहीं समझा नहीं सकते। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा का उल्लंघन करके जिंदगी के साथ खिलवाड़ नहीं करें। परिवार के लिए आदमी का जीवित होना बहुत जरूरी है।

सड़क सुरक्षा जागरूकता के तहत नगली सर्किल से भगत सिंह सर्किल तक यातायात पुलिस थाना प्रभारी संजय शर्मा के साथ दो निजी विद्यालयों के छात्र-छात्रायें हाथों में तख्तियां लेकर निकले जिन्होंने सीट बेल्ट नहीं लगाने, हेलमेट नहीं लगाने एवं मोबाइल पर बात करते वाहन चलाने वालों को समझाया।

इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शरण कांबले ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के बारे में जानकारी साझा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित