गौतमबुद्धनगर , जून 29 -- उत्तर प्रदेश के जनपद गौतमबुद्धनगर में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने, हादसों में होने वाली मृत्यु दर कम करने तथा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की कानूनी एवं सामाजिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ नियमित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सके।
उन्होंने परिवहन विभाग, यातायात पुलिस तथा नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अवैध स्टैंड, अवैध पार्किंग, ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमित अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट) की पहचान कर अल्पकालिक एवं दीर्घकालिक सुधारात्मक कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। अवैध कटों को बंद करने तथा सड़क सुरक्षा संकेतकों को बेहतर बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि केवल प्रवर्तन कार्रवाई से सड़क दुर्घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश नहीं लगाया जा सकता। इसके लिए आम लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी आवश्यक है। इस उद्देश्य से विद्यालयों, महाविद्यालयों, औद्योगिक इकाइयों तथा सार्वजनिक स्थलों पर विशेष जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए, ताकि हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा और अन्य यातायात नियमों के पालन के प्रति लोगों को प्रेरित किया जा सके।
बैठक में हिट एंड रन मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े प्रत्येक मामले की ईडीएआर पोर्टल पर निर्धारित समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत एवं गुणवत्तापूर्ण प्रविष्टि सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि समय पर सही जानकारी दर्ज होने से पीड़ितों को मुआवजा और बीमा दावों के निस्तारण में तेजी आएगी। सभी विभागों को पोर्टल पर सूचनाओं का समयबद्ध और सटीक अद्यतन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
स्कूल वाहनों की सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग को शिक्षा विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर जिले के सभी विद्यालयों में विद्यालय यान सुरक्षा समिति के माध्यम से विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी स्कूल वाहनों की फिटनेस तथा चालकों की आंख और स्वास्थ्य जांच अनिवार्य रूप से कराई जाए तथा बिना फिटनेस वाले किसी भी स्कूल वाहन को सड़क पर संचालन की अनुमति न दी जाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रमुख सड़कों एवं यातायात प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण कर होल्डिंग एरिया चिन्हित करने के भी निर्देश दिए, जिससे यातायात का संचालन अधिक सुचारु बनाया जा सके।
बैठक के दौरान अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा तथा डीसीपी ट्रैफिक की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए जवाबदेही सुनिश्चित करने के संकेत दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह, डिप्टी कलेक्टर अभय कुमार सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. उदित नारायण पांडेय, लोक निर्माण विभाग की अधिशासी अभियंता कंचन सहित पुलिस, प्राधिकरण और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित