हरिद्वार , फरवरी 16 -- उत्तराखंड में हरिद्वार यातायात पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को शंकराचार्य चौक पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया।
"सड़क सुरक्षा - जीवन रक्षा माह" के समापन अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के महत्व से अवगत कराया गया और नियमों का पालन करने वाले तथा बिना हेलमेट पाए गए कुछ चालकों को मौके पर ही हेलमेट वितरित किए गए।
यह अभियान नवनीत सिंह के निर्देश एवं मार्गदर्शन में संचालित हुआ, जबकि कार्यक्रम का नेतृत्व निशा यादव ने किया और पर्यवेक्षण वीपेंद्र सिंह द्वारा किया गया।
अधिकारियों ने वाहन चालकों को बताया कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का महत्वपूर्ण उपकरण है। सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर लगने वाली चोटें सबसे अधिक घातक होती हैं, इसलिए गुणवत्तायुक्त हेलमेट का प्रयोग अत्यंत आवश्यक है।
अभियान के दौरान लोगों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने, शराब पीकर वाहन न चलाने तथा यातायात संकेतों का पालन करने की अपील भी की गई।
यह कार्यक्रम राष्ट्रव्यापी सहायता समूह और हरिद्वार यातायात पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें यातायात पुलिस टीम और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखने में सहयोग करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित