लखीसराय, जून 12 -- बिहार में लखीसराय के जिला पदाधिकारी लखीसराय शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला राजमार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग-80 पर सड़क सुरक्षा, अतिक्रमण निष्कासन, दुर्घटना नियंत्रण तथा उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा एवं समीक्षा की गई।
बैठक की शुरुआत उच्चतम न्यायालय द्वारा सड़क सुरक्षा के संबंध में जारी निर्देशों के अवलोकन से हुई। इस दौरान सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के अनुरूप जिला स्तर पर प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित करने के लिये आवश्यक रणनीति एवं कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया। जिला राजमार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स के औपचारिक गठन पर भी सहमति बनी, जो विभिन्न विभागों के समन्वय से अभियान आधारित कार्यप्रणाली के तहत सड़क सुरक्षा संबंधी गतिविधियों का संचालन एवं अनुश्रवण करेगी।
बैठक में एनएच-80 की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए अवैध अतिक्रमण, अनधिकृत व्यावसायिक संरचनाओं, अवैध पार्किंग तथा दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट्स) की पहचान एवं उनके निराकरण के उपायों पर चर्चा की गई।
जिला पदाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित अतिक्रमणों को चिन्हित कर समयबद्ध तरीके से हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उच्चतम न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में सड़क सुरक्षा क्षेत्र एवं राइट ऑफ वे को अतिक्रमणमुक्त बनाए जाने पर विशेष बल दिया गया। इस संबंध में सभी संबंधित विभागों को समन्वित कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित अवधि के भीतर कार्रवाई पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। साथ ही एनएचएआई के साथ समन्वय स्थापित कर सड़क सुरक्षा से जुड़े आवश्यक उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी चर्चा की गई।
बैठक में हाईवे सर्विलांस टीम के गठन, मानक संचालन प्रक्रिया तैयार करने, एंबुलेंस एवं रिकवरी क्रेन की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर भी विचार किया गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी विभागों को सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नियमित निगरानी एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित