हरिद्वार , मई 11 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा जागरूकता कार्यक्रम के तहत सोमवार को पुलिस ने शंकराचार्य चौक पर विशेष अभियान चलाकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया और बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को रोककर उन्हें हेलमेट पहनाए।
कार्यक्रम का नेतृत्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिद्वार ने किया। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को रोककर उन्हें हेलमेट पहनाए गए और भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं से बचाव को लेकर लोगों को जागरूक करते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व की जानकारी दी। साथ ही यातायात नियमों के उल्लंघन में जब्त किए गए रेट्रो साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न का नियमानुसार विनिष्टीकरण किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि रेट्रो साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न ध्वनि प्रदूषण बढ़ाने के साथ ही दुर्घटनाओं का कारण भी बनते हैं।
एसएसपी ने कहा कि हरिद्वार पुलिस आगे भी ऐसे उपकरणों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करती रहेगी। वहीं पुलिस मुख्यालय से यातायात व्यवस्था को और अधिक सुचारु बनाने के लिए आवंटित सात मॉडिफाइड मोटरसाइकिलों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इन मोटरसाइकिलों की सहायता से पुलिस टीम किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई कर सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित