गढ़चिरौली , सितंबर 14 -- महाराष्ट्र में गढ़चिरौली जिले की धनोरा तहसील के सलाइटोला गांव में पक्की सड़क न होने के कारण ग्रामीणों को एक व्यक्ति का शव बांस के डंडों से बंधी खाट पर रखकर लगभग दो किलोमीटर तक ले जाना पड़ा।
स्थानीय निवासियों के अनुसार फाशीटोला गांव के रहने वाले अंतराम तुलावी (55) का गढ़चिरौली के जिला अस्पताल में इलाज चल रहा था। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वे सलाइटोला में अपने भाई के घर पर रह रहे थे, तभी 13 सितंबर को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और उनकी मौत हो गयी।
चूंकि सलाइटोला गांव पक्की सड़क से नहीं जुड़ा है, इसलिए गांव तक गाड़ियां नहीं पहुंच सकीं। इसलिए परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने शव को खाट पर बांधा और उसे कंधों पर उठाकर कीचड़ भरे रास्तों से होते हुए लगभग 1.5 से 2 किलोमीटर दूर मुरमगांव के पास मुख्य सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद शव को गाड़ी से फाशीटोला ले जाया गया ताकि अंतिम संस्कार किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित