राजनांदगांव , अक्टूबर 02 -- छत्तीसगढ़ में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के उपाध्यक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता भरत लाल वर्मा ने डोंगरगांव और राजनांदगांव क्षेत्र में सड़क निर्माण एवं नवीनीकरण कार्यों में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
वर्मा ने उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव को पत्र लिखकर सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जनता की परेशानी दूर करना उनकी पहली प्राथमिकता है और जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
उन्होंने पत्र में कहा कि डोंगरगांव नगर के मुख्य मार्ग का चार लेन चौड़ीकरण कार्य करीब चार वर्ष पहले शुरू हुआ था, लेकिन अब तक पूरा नहीं हो सका है। उनका आरोप है कि कार्य विभाग को विधिवत सौंपे जाने से पहले ही सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है और गड्ढे बन गए हैं। इसके कारण स्थानीय लोगों को धूल, जलभराव और आवागमन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
वर्मा ने निर्माण के दौरान जीएसबी, डब्ल्यूएमएम, सब-ग्रेड और डामरीकरण सहित विभिन्न तकनीकी मानकों के पालन पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गुणवत्तापूर्ण कार्य नहीं होने के कारण बारिश के दौरान सड़क की सतह उखड़ रही है। उन्होंने सड़क के साथ बनाई गई नालियों की उपयोगिता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कई स्थानों पर जलभराव की समस्या बनी हुई है।
उन्होंने राजनांदगांव-खैरागढ़ तथा राजनांदगांव-मोहला-मानपुर मार्ग के नवीनीकरण कार्यों को लेकर भी शिकायत की है। उनका कहना है कि वर्षा ऋतु से पहले सड़क को मिलिंग मशीन से उखाड़े जाने और पर्याप्त वैकल्पिक यातायात व्यवस्था नहीं किए जाने से वाहन चालकों को परेशानी हो रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित