ग्वालियर , अप्रैल 22 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले की भितरवार तहसील में सड़क दुर्घटना में मृत दंपति के आश्रितों को संबल योजना के तहत चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। जिला प्रशासन ने प्रभावित परिवार को तात्कालिक मदद भी उपलब्ध कराई है।
प्रशासन के अनुसार कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर मृतक दंपति के परिजनों को रेडक्रॉस सोसाइटी से 10 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता तथा अंत्येष्टि के लिए 5 हजार रुपये प्रदान किए गए हैं। साथ ही दंपति के दोनों बच्चों को छात्रावास में प्रवेश दिलाकर निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
एसडीएम भितरवार श्री राजीव समाधिया ने बताया कि बीते दिन फायर ब्रिगेड और मोटरसाइकिल की टक्कर में ग्राम रिछारी कला निवासी बंटी जाटव की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी, जबकि उनकी पत्नी प्रीति जाटव गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। प्रीति जाटव को उपचार के लिए ग्वालियर में भर्ती कराया गया था, जहां आज उनकी भी मृत्यु हो गई। जिला प्रशासन ने मृतक दंपति के बच्चों के भविष्य की सुरक्षा और परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित