सुपौल , सितंबर 13 -- बिहार में सुपौल जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गयी।पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि शनिवार की रात हृदय नगर पंचायत क्षेत्र में पेट्रोल पंप के समीप ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में सुरती देवी (22) की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि उसका पति अरविंद ऋषिदेव (26) और बहन मूर्ति देवी (20) गंभीर रूप से घायल हो गयीं।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को वीरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में उन्हें सदर अस्पताल रेफर किया गया।सदर अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही दोनों की मौत हो गयी।

सूत्रों ने बताया कि अरविंद अपनी पत्नी और साली के साथ हरिपुर गांव में रिश्तेदारों से मिलकर भीमनगर थाना क्षेत्र के कटैया स्थित अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान यह दुर्घटना हुई।पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित