मुरैना , सितंबर 17 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में सड़क दुर्घटना में घायल हुए चार युवक भोपाल के निगरानी बदमाश निकले। पुलिस ने उनकी कार से 41 लाख 21 हजार 300 रुपये की नगदी, पिस्टल, धारदार हथियार, मास्क, मोबाइल फोन और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार नगदी फिरोजाबाद में पशु व्यापारियों की कार से चुराई गई थी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार बुधवार तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुरैना ओवरब्रिज के समीप तेज गति से जा रही कार अनियंत्रित होकर डंपर में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार रिहान, खालिद, अरसब और आबिद गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची सिविल लाइन पुलिस ने चारों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया।

पुलिस ने घायलों से नाम-पता पूछा तो उन्होंने गलत जानकारी दी। उनके मोबाइल फोन पर लगातार फोन आने के बाद पुलिस को संदेह हुआ। कार की तलाशी लेने पर उसमें रखे दो बैगों से 41 लाख 21 हजार 300 रुपये की नगदी, 32 बोर की पिस्टल, धारदार हथियार, काले रंग के मास्क, चार मोबाइल फोन और जिंदा कारतूस बरामद हुए।

नगदी और हथियार बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और घायलों के बयान लेने के लिए ग्वालियर पहुंची। जांच में सामने आया कि चारों युवक फिरोजाबाद में पशु व्यापारियों की कार से रुपयों से भरे दोनों बैग चुराकर कार से ग्वालियर के लिए निकले थे। इसी दौरान मुरैना में उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

पुलिस के अनुसार चारों युवकों को भोपाल के एक युवक ने फिरोजाबाद में वारदात के लिए बुलाया था। चारों के खिलाफ भोपाल के ऐशबाग थाने में कई अपराध दर्ज हैं। अरसब और आबिद भोपाल के निगरानी बदमाश बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार बदमाशों ने पहले पशु व्यापारियों को लूटने की योजना बनाई थी। इसी दौरान एक व्यापारी अपना फोन लेने घर चला गया और उसके साथ कार में सवार दूसरा व्यापारी लघुशंका के लिए बाहर उतर गया। इस मौके का फायदा उठाकर बदमाश कार से रुपयों से भरे दोनों बैग चुराकर फिरोजाबाद से ग्वालियर की ओर भाग निकले थे। मुरैना में कार दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित