आगर-मालवा , अप्रैल 30 -- मध्यप्रदेश के आगर-मालवा जिले में उज्जैन-झालावाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग-552जी पर एक भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार तनोड़िया पुलिस चौकी क्षेत्र में ग्राम तनोड़िया के समीप एक कार और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाइक में आग लग गई, जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया गया है कि उज्जैन जिले के ग्राम जंबुरागांव निवासी देपालसिंह (50) अपने भतीजे और पोती के साथ बाइक से आगरमालवा से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे में घायल देपालसिंह को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं 14 वर्षीय सुभाष और तीन वर्षीय आराध्या घायल हैं, जिनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित