भिण्ड , जून 25 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के गोहद चौराहा थाना क्षेत्र में 23 जून को हुई कथित सड़क दुर्घटना के मामले में पुलिस जांच के बाद इसे हत्या का मामला मानते हुए तीन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार राय की पाली निवासी प्रॉपर्टी डीलर सचिन सिंह तोमर (30) 23 जून की शाम अपनी इलेक्ट्रिक बाइक से गोहद चौराहा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल सचिन को उपचार के लिए ग्वालियर भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

मृतक के परिजनों ने शुरू से ही घटना को दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए साजिशन हत्या का आरोप लगाया था। बुधवार को शव गोहद पहुंचने पर परिजनों और समर्थकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की थी।

पुलिस की जांच में सामने आया कि घटना को दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया था। प्रारंभिक जांच और परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने बृजेंद्र सिंह तोमर की रिपोर्ट पर अर्जुन सिंह, विक्रम सिंह और मौसम के खिलाफ हत्या तथा आपराधिक षड्यंत्र का मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार मृतक और आरोपियों के बीच प्लॉट के लेनदेन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते वाहन से टक्कर मारकर हत्या किए जाने की आशंका के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि प्रकरण की विस्तृत जांच जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित