दंतेवाड़ा , फरवरी 26 -- छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कलेक्टर के निर्देश पर गठित संयुक्त सड़क सुरक्षा समिति ने आज शहर के विभिन्न दुर्घटना-बहुल क्षेत्रों का फील्ड निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने दुर्घटना के कारणों को कम करने के लिए ठोस कदम उठाने की रूपरेखा तैयार की।

क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय से गुरुवार मिली जानकारी के अनुसार, कलेक्टर के आदेश पर यातायात पुलिस, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और नगर पालिका के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने निरीक्षण अभियान चलाया। टीम ने मुख्य मार्गों, चौराहों और संकरी गलियों का बारीकी से मुआयना किया, जहां अक्सर वाहनों के तेज रफ्तार होने या सड़क की खराब स्थिति के चलते हादसे होने की आशंका बनी रहती है।

निरीक्षण के दौरान पाए गए खामियों के आधार पर टीम ने फैसला लिया कि दुर्घटना संभावित स्थलों पर तत्काल स्पीड ब्रेकर और रंबल स्ट्रिप्स लगाए जाएंगे। इसके अलावा, इन स्थानों पर सावधानी सूचक बोर्ड, सड़क चिह्नांकन और जेब्रा क्रॉसिंग को भी दुरुस्त किया जाएगा। अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि इन क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था हो, ताकि रात के समय दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।

यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए फुटपाथों पर अतिक्रमण हटाने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही, जहां आवश्यक समझा गया, वहां यात्री प्रतीक्षालयों में रैंप और सीढ़ियों के निर्माण तथा बिजली के खंभों को हटाने या स्थानांतरित करने पर भी सहमति बनी। टीम ने खुली नालियों और मैनहोल को तुरंत ढकने तथा खराब स्ट्रीट लाइटों को जल्द से जल्द दुरुस्त करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया।

गौरतलब है कि हाल ही में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर ने सभी विभागों को समन्वय बनाकर काम करने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर यह सुधार कार्य पूरे करने के सख्त निर्देश दिए थे। इसका मुख्य उद्देश्य नगरीय क्षेत्र में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में उल्लेखनीय कमी लाना और आम नागरिकों को सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित कराना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित