कटिहार , अक्टूबर 24 -- बिहार में कटिहार के जिला पदाधिकारी सह-अध्यक्ष, जिला सड़क सुरक्षा समिति,आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में शनिवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा की गई और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में वाहनों की सघन जांच, हेलमेट एवं सीट बेल्ट जांच अभियान को नियमित रूप से चलाने, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर रोक लगाने तथा वाहन संबंधी आवश्यक कागजातों की जांच करने का निर्देश दिया गया।

साथ ही, चिह्नित ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय, सड़क मार्किंग, साइनेज, रंबल स्ट्रिप एवं अन्य तकनीकी सुधार सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

राष्ट्रीय राजमार्गों पर चिह्नित ब्लैक स्पॉट की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया।

इसके अतिरिक्त,ओवरलोडिंग पर कार्रवाई, सड़कों से अतिक्रमण हटाने, भारी वाहनों के लिए ट्रक ले-बाय एवं सुरक्षित पार्किंग की व्यवस्था करने तथा इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई।

बैठक में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए प्रमुख चौक-चौराहों पर ट्रैफिक ट्रॉली की उपलब्धता बढ़ाने, संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नावों की सुरक्षा एवं उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर गश्ती व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश जिला पदाधिकारी के द्वारा दिए गए।

जिला पदाधिकारी कटिहार ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

बैठक में नगर आयुक्त कटिहार, जिला परिवहन पदाधिकारी कटिहार एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति के सभी सदस्य गण उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित