नारायणपुर , अगस्त 19 -- छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने बुधवार को 'यातायात की पाठशाला' अभियान की शुरुआत की। अभियान के तहत अंजरेल माइंस के मालवाहक वाहन चालकों और शासकीय हाई स्कूल नेलवाड़ के छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में वाहन चालकों और विद्यार्थियों को सुरक्षित वाहन संचालन, यातायात नियमों के पालन तथा सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी गयी।
यातायात प्रभारी एवं रक्षित निरीक्षक मो. मोहसिन खान ने कहा कि सड़क पर सुरक्षित आवागमन के लिए यातायात नियमों का पालन प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। नियमों का पालन केवल पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है।
कार्यक्रम में सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर सहायता और उपचार उपलब्ध कराने के महत्व की जानकारी भी दी गयी। दुर्घटना की स्थिति में घायलों की तत्काल मदद करने तथा 108 एंबुलेंस, डायल-112 और अन्य आपातकालीन सेवाओं की सहायता लेने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया।
इस दौरान पीएम राहत एवं राहवीर योजना की जानकारी भी दी गयी। यातायात पुलिस ने राहवीर योजना के तहत दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद कर उसकी जान बचाने वाले व्यक्ति को मिलने वाली 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि के बारे में बताया और लोगों से घायलों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित