भरतपुर , मार्च 13 -- राजस्थान में भरतपुर जिला मुख्यालय पर सड़क चौड़ीकरण के प्रस्ताव के विरोध में शुक्रवार को व्यापारियों ने बाजार बंद रखकर नगर निगम एवं भरतपुर विकास प्राधिकरण (बीडीए) के खिलाफ प्रदर्शन किया।

व्यापारियों ने कहा कि कहना है कि प्रशासन 25-30 फुट चौड़ी सड़क को 120 फुट करने पर आमादा है जिससे करीब 150 दुकानों का अस्तित्व खत्म हो जाने के बाद करीब 500 परिवारों के सामने भूखों मरने की नौबत आ जायेगी।

शहर के रेडक्रॉस सर्किल से स्टेशन बजरिया तक की सड़क को 120 फुट चौड़ा करने की तैयारी के लिए नगरनिगम एवं बीडीए ने सड़क किनारे दुकानों पर लाल निशान लगा दिये हैं। व्यापारियों का आरोप है कि यह सड़क अन्य जिला सड़क की श्रेणी में होने की वजह से सड़क की चौड़ाई सरकार की गाइडलाइन के अनुसार 17 से 17.50 मीटर तक है, लेकिन प्रशासनिक अधिकारी फिलहाल इस सड़क को 80 फुट चौड़ा बता रहे हैं, जबकि वास्तविकता में इसकी चौड़ाई करीब 30 फुट ही है।

व्यापारियों ने कहा कि प्रशासन व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखकर कार्रवाई करे तो कई दुकानों को बचाया जा सकता है। जबकि रेलवे स्टेशन के बाद यह रोड़ समाप्त हो जाती है और सड़क पर ज्यादा ट्रैफिक का भार नहीं है, लेकिन प्रशासन इस सडक को 120 फुट कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित