बारां , अगस्त 11 -- राजस्थान में बारां के समीप गजनपुरा क्षेत्र में मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-27 के किनारे एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गयी।
पुलिस प्रथम दृष्टया घटना को संदिग्ध मानते हुए हर नजरिये से जांच कर रही है। मृतक की पहचान बंबूलिया गांव निवासी अनिल गुर्जर के रूप में हुई है। राजमार्ग किनारे युवक का शव होने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गयी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाये।
पुलिस ने बताया शव के पास पिस्तौल मिली है। इससे पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पिस्टल मृतक की थी या घटनास्थल पर किसी अन्य व्यक्ति द्वारा छोड़ी गयी।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। युवक के परिजनों को भी घटना की सूचना दी गयी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित