उज्जैन , अक्टूबर 15 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले में गंगेडी के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल होकर सड़क किनारे बेहोश पड़े नारायण को जन सेवा प्रहरी राजेंद्र सिंह चौहान ने अस्पताल पहुंचाकर मदद की। समय पर उपचार मिलने से घायल की जान बचाने में सहायता मिली।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, राघौपिपलिया निवासी चौहान गुरुवार को वहां से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सड़क किनारे बुलेट मोटरसाइकिल गिरी हुई और करीब 35 से 40 वर्ष का एक व्यक्ति बेहोशी की हालत में मिला। घायल की पहचान नारायण के रूप में हुई। चौहान ने तत्काल सरपंच से वाहन मंगवाया और घायल को अवंति अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार शुरू किया गया। जन सेवा प्रहरी योजना के तहत दुर्घटना में घायल लोगों की सहायता के लिए प्रशिक्षित व्यक्तियों को प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र देने का प्रावधान है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित