वाराणसी , जून 12 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को वाराणसी में लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे पुराने एवं गतिमान परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुये कहा कि सड़क निर्माण में कोई काेताही न बरती जाये और युद्धस्तर पर अभियान चलाकर मानकों के अनुरूप गुणवत्ता के साथ समय से कार्य पूरा कराए जायें।
दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे योगी ने सर्किट हाउस सभागार में अधिकारियों एवं विभागीय अभियंताओं के साथ लोक निर्माण विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। मंडल में उन्होंने विशेष रूप से बरसात से पहले पूर्ण होने वाली परियोजनाओं पर विशेष ध्यान देते हुए उन्हें समय से पूरा कराए जाने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग द्वारा मंडल में कराए जाने वाले नए कार्यों से संबंधित परियोजनाओं की भी विस्तार से समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री को बताया गया कि वाराणसी क्षेत्र में 7,175 करोड़ रुपये की 2,630 परियोजनाएं चालू हैं। इनमें से 687 कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण हो चुके हैं तथा 542 कार्य 90 प्रतिशत पूर्ण हो चुके हैं। इसी प्रकार वाराणसी जिले में 3,223 करोड़ रुपये के 421 कार्य गतिमान हैं, जिनमें 85 कार्य पूर्ण तथा 158 कार्य 90 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुके हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीडब्ल्यूडी के गत वर्ष के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्य योजना तत्काल उपलब्ध कराई जाए। कार्य योजना तैयार करते समय धनराशि स्वीकृत हो तथा टेंडर प्रक्रिया भी साथ-साथ हो, कोई वेटिंग नहीं होनी चाहिए।
कार्यों में गति लाने के लिए कमिश्नर एवं जिलाधिकारी अपने-अपने स्तर पर बैठक कर समीक्षा करें, ताकि निर्माण कार्यों में हर हाल में प्रगति सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि जिन सड़कों की मरम्मत करानी हो, उनका पहले सर्वे अवश्य करा लिया जाए। नगर निगम नगरीय क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करे। जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को अवश्य शामिल किया जाए। सभी आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था करके ही कार्य शुरू कराए जाएं, ताकि हर हाल में कार्य समय से पूर्ण हों और आमजनमानस को सुविधा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान चंदौली में बनने वाले इंटीग्रेटेड कोर्ट कॉम्प्लेक्स की प्रगति की जानकारी ली। पीडब्ल्यूडी के अभियंताओं ने बताया कि 18 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। उन्होंने गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखते हुए हर हाल में समय से कार्य पूरा कराए जाने का निर्देश दिया। उन्होंने वाराणसी में लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाए जा रहे यूनिटी मॉल के निर्माण कार्य में तेजी लाने का भी निर्देश दिया।
बैठक में प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर, स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु', खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल सहित पीडब्ल्यूडी के अधिकारी एवं अभियंता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित