बारां , जून 27 -- राजस्थान में बारां जिले के मोठपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सट्टे के सक्रिय आरोपी रईस उर्फ रहीस उर्फ अब्दुल रईस अंसारी (56) एवं उसके परिजनों के बैंक खातों में जमा 96 लाख 97 हजार 245 रुपये की राशि फ्रीज कर दी है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदाशु ने शनिवार कों यहां पत्रकार वार्ता में बताया कि जिले में जुआ, सट्टा, अवैध शराब एवं अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
श्री अंदाशु ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि रईस अंसारी वर्ष 2002 से लगातार सट्टे की खाईवाली कर रहा है। उसके विरुद्ध थाना मोठपुर में 11 मामले दर्ज हैं और सभी मामलों में चालान न्यायालय में पेश किए जा चुके हैं।
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपी एवं उसके परिवार के पास आय का कोई वैध और स्थायी स्रोत नहीं होने के बावजूद उन्होंने बड़ी मात्रा में बैंक जमा राशि और संपत्तियां अर्जित की हैं। जांच में आरोपी, उसकी पत्नी सलमा और पुत्र शाहिद अहमद के नाम विभिन्न बैंकों में कई सावधि जमा एवं बचत खाते मिले, जिनमें संदिग्ध लेन-देन पाए गए। इन्हीं खातों में से 97 लाख रुपये की राशि फ्रीज की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित