चंडीगढ़ , अगस्त 21 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने 1984 के सिख विरोधी नरसंहार के आरोपी सज्जन कुमार को कांग्रेस नेताओं द्वारा कथित तौर पर 'रोल मॉडल' बताये जाने संबंधी बयान की कड़ी निंदा की है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं का यह बयान एक बार फिर पार्टी की सिख विरोधी मानसिकता को उजागर करता है।

श्री ढिल्लों ने शुक्रवार को कहा कि 1984 के भयावह और दर्दनाक सिख नरसंहार के 42 साल बादभी पीड़ित परिवारों के जख्म भरे नहीं हैं। ऐसे संवेदनशील समय में नरसंहार के एक प्रमुख आरोपी को 'रोल मॉडल' बताना पीड़ित परिवारों के जख्मों पर नमक छिड़कने और उनकी पुरानी पीड़ा को फिर से कुरेदने जैसा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की कथित सिख विरोधी मानसिकता की जितनी भी निंदा की जाये, वह कम है। उनके अनुसार कांग्रेस के नेताओं की ओर से समय-समय पर दिये गये ऐसे बयानों से सिख समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंची है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस से मांग की कि वह अपने नेताओं द्वारा दिये गये ऐसे कथित गैर-जिम्मेदाराना और शर्मनाक बयानों के लिए 1984 के पीड़ित परिवारों तथा पूरे सिख समुदाय से तत्काल और बिना शर्त माफी मांगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित