मदुरै , मार्च 01 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी मंदिर की अपनी पहली यात्रा के दौरान दीपम जलाने के विवाद पर भगवान मुरुगा के एक भक्त की मृत्यु का मुद्दा उठाते हुए इसके लिए सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) को जिम्मेदार ठहराया और विश्वास जताया कि सच्चाई की जीत होगी तथा भगवान मुरुगा के भक्त जीतेंगे।

श्री मोदी ने देवी मीनाक्षी और भगवान सुंदरेश्वर को नमन करने के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सभा को संबोधित करते हुए मदुरै को पांड्य साम्राज्य की भूमि और वीरता और शौर्य के लिए प्रसिद्ध बताया।

प्रधानमंत्री ने कहा, "इस महान भूमि से मैं पसुमपोन मुथुरामलिंग थेवर, मावेरन अलगुमुथुकोन, वीरपांडिय कट्टबोम्मन और मरुधु पांडियन भाइयों जैसे स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करता। साथ ही न्याय और सम्मान के लिए लड़ने वाले नागरिक अधिकार कार्यकर्ता इमानुएल सेकरन के आदर्शों को याद करता हूँ।"श्री मोदी ने दीपम जलाने के विवाद पर आत्मदाह कर अपने जीवन का बलिदान देने वाले भक्त पूर्णचंद्रन की मृत्यु को याद किया और उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा, "सभा में आने से पहले, मैं भगवान मुरुगा के पहले निवास तिरुपरनकुंद्रम मंदिर गया था। यह एक आध्यात्मिक अनुभव था और पूरे देश की शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की।"प्रधानमंत्री ने गंभीरता से कहा कि उन्होंने भक्त पूर्णचंद्रन की पत्नी इंदुमती और उनके दो छोटे बच्चों से मुलाकात की, उनके दुख और शोक को महसूस किया और अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा, "मैंने भगवान मुरुगा से यह सुनिश्चित करने के लिए भी प्रार्थना की कि उनकी आत्मा को शांति मिले।"श्री मोदी ने अदालत के आदेशों के बावजूद मंदिर के ऊपर दीपम जलाने की अनुमति नहीं देने को द्रमुक सरकार का अन्यायपूर्ण कृत्य बताया। उन्होंने कहा, "द्रमुक चाहे जो भी करे, सच्चाई की जीत होगी... भगवान मुरुगा के भक्तों की जीत होगी।"दिसंबर 2025 की रिपोर्टों के अनुसार मदुरै के 40 वर्षीय मुरुगन भक्त पूर्णचंद्रन की तिरुपरनकुंद्रम मंदिर कार्तिकेय दीपम विवाद से जुड़े एक विरोध प्रदर्शन में आत्मदाह से मृत्यु हो गई थी। उन्होंने 18 दिसंबर 2025 को पेरियार प्रतिमा के पास एक पुलिस बूथ के पास खुद को आग लगा ली थी। कथित तौर पर तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी के ऊपर दीपथून (दीप स्तंभ) पर दीपक नहीं जलाए जाने से वे व्यथित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित