पटना , जुलाई 28 -- वन निर्माण विभाग के सचिव प्रणव कुमार की अध्यक्षता में संरचना उपभाग के सभी प्रमंडलों (विद्युत सहित) की परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेगा परियोजना एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी, बिहार अभियंत्रण विश्विद्यालय, संयुक्त भवन, कृषि जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय , सबौर के आधारभूत संरचना का निर्माण, कृषि अभियंत्रण महाविद्यालय एवं जीविका मुख्यालय भवन सहित अन्य सभी परियोजनाओं की भौतिक प्रगति, गुणवत्तापूर्ण निर्माण एवं समयबद्धता के साथ क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई।
सचिव के द्वारा परियोजनाओं के निर्माण में आ रहे अवरोधों को दूर करने सहित अन्य सभी बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। सचिव ने मेगा योजनाओं को समयसीमा के भीतर पूर्ण करने और गुणवत्तापूर्ण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस बैठक में विभाग के अपर सचिव, मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता एवं कार्यपालक अभियंता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
भागलपुर में कृषि जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय , सबौर के आधारभूत संरचना का निर्माण किया जा रहा है। भवन निर्माण विभाग की ओर से इस परियोजना का कार्य तीव्र गति से किया जा रहा है। परिसर में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक भवन (जी 3) सहित बालक, बालिका छात्रावास, एनिमल हॉउस निर्माण शामिल है। कार्यपालक अभियंता ने अवगत कराया कि कृषि जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय का निर्माण कार्य इसी साल दिसंबर तक पूर्ण कर लिया जाएगा।
पटना में लगभग पांच एकड़ भूखंड पर बिहार अभियंत्रण विश्विद्यालय का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण कर लिया गया है। परिसर में फिनिशिंग एवं साफ-सफाई सहित अन्य कार्य पूरे किए जा रहे हैं। सचिव ने निदेशित किया कि एक सप्ताह में सभी कार्य को पूर्ण कर लें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित