पटना , मई 01 -- पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और बुनियादी ढांचे की त्रुटियों को दूर करने के उद्देश्य से पटना शहर की महत्वपूर्ण सड़कों एवं फ्लाइओवरों का स्थल निरीक्षण किया।
श्री पाल ने निरीक्षण के दौरान जे.पी. गंगा पथ, अटल पथ, पाटली पथ और राजा बाजार-रुपसपुर क्षेत्र में राइडिंग क्वालिटी, तकनीकी खामियों तथा यातायात की समस्याओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर सुधार कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।सचिव ने स्पष्ट चेतावनी दी कि संधारण कार्यों में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के क्रम में सचिव ने अटल पथ के विभिन्न हिस्सों में पाई गई खामियों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने नेहरू पथ के ऊपर मेन कैरिज-वे में लेवल अंतर को 15 दिनों में ठीक करने के निर्देश दिये। उन्होंने शिवपुरी फ्लाइओवर, दीघा फ्लाइओवर (एप्रोच) और दीघा रोटरी के पास एप्रोच सेटलमेंट को मात्र तीन दिनों के भीतर दुरुस्त करने का अल्टीमेटम दिया।
श्री पाल ने दीघा से दीदारगंज के बीच जे.पी. गंगा पथ का निरीक्षण किया। उन्होंने कुर्जी के समीप ब्रिज के पास एप्रोच स्लैब के धंसने की समस्या को देखते हुए इसे 10 दिनों के भीतर ठीक करने के निर्देश दिये ।पाटली पथ के निरीक्षण के पाया गया कि एक्सपेंशन जॉइंट्स के रबर खराब हो चुके हैं और ऊपरी सतह घिस गई है। इसके लिए तीन दिनों के भीतर नई डीपीआर समर्पित करने के निर्देश दिये गये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित