पटना , फरवरी 26 -- बिहार भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि की अध्यक्षता में गुरूवार को राजस्तरीय समीक्षा बैठक की गई।

बैठक में भवन निर्माण विभाग एवं बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा कार्यान्वित गृह (कारा) विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, ग्रामीण विकास विभाग एवं सामान्य प्रशासन विभाग सहित 19 विभागों की योजनाओं की समीक्षा कर परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गई। इसके अलावा गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य सुनिश्चित कराने एवं सतत अनुश्रवण तथा विभागीय शिकायत निवारण समिति से संबंधित बिंदुओं पर भी समीक्षा की गई।

समीक्षा बैठक में भवन निर्माण विभाग के अपर सचिव, संयुक्त सचिव, मुख्य अभियंता, निदेशक अनुश्रवण, अधीक्षण अभियंता, कार्यपालक अभियंता तथा प्रशासी विभागों के नोडल पदाधिकारियों सहित अन्य कई पदाधिकारी मौजूद रहे।बैठक के दौरान प्रशासी विभागों की योजनाओं के कार्यों में तेजी लाने, कार्य योजना के अनुसार पीछे चल रही योजनाओं को तीव्र गति से पूर्ण करने एवं योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं के निराकरण के लिये गहन समीक्षा की गई। बैठक में सचिव के द्वारा सरकारी भवनों के अनुश्रवण एवं मेंटेनेंस सुनिश्चित करने लिये अभियंताओं को निर्देश दिया गया जिससे भवनों की सुरक्षा एवं रखरखाव सही तरीके से हो सके।विभिन्न जिलों के मंडल कारा में हो रहे निर्माण को तेजी से पूर्ण करने को लेकर कार्यपालक अभियंताओं को आवश्यक निदेश दिया गया।

सचिव श्री रवि ने हैंडओवर की प्रक्रिया भी पूर्ण करने के लिये निर्देश दिया।विभिन्न जिलों में निर्माणाधीन अटल कला भवन की प्रगति की समीक्षा की गई। प्रत्येक कला भवन की क्षमता 620 होगा। इसके अलावा खेल संरचनाओं को भी तेजी से पूर्ण करने के लिये अभियंताओं को निर्देश दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित