खरगोन , अक्टूबर 24 -- मध्य प्रदेश के पूर्व कृषि मंत्री एवं कसरावद विधायक सचिन यादव को उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के चुनाव प्रबंधन प्रकोष्ठ के अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने इस संबंध में शनिवार को नियुक्ति आदेश जारी किया।

श्री यादव की नियुक्ति को राष्ट्रीय स्तर पर उनकी संगठनात्मक क्षमता, राजनीतिक अनुभव और कार्यकुशलता पर कांग्रेस नेतृत्व के भरोसे के रूप में देखा जा रहा है। उत्तर प्रदेश में पार्टी की चुनावी तैयारियों को गति देने, संगठन के विभिन्न स्तरों के बीच समन्वय स्थापित करने और चुनावी रणनीति को प्रभावी बनाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

कांग्रेस के चुनाव प्रबंधन प्रकोष्ठ के अध्यक्ष के रूप में श्री यादव चुनाव प्रबंधन, रणनीतिक योजना, संगठनात्मक समन्वय, प्रचार-प्रसार और चुनाव संबंधी गतिविधियों के संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे।

इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने पर श्री यादव ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन पर विश्वास जताते हुए जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन वह पूरी निष्ठा, प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने, पार्टी की विचारधारा और जनहित की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की सफलता के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे।

श्री यादव ने कहा कि सभी कांग्रेसजन एकजुट होकर जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाएं और उत्तर प्रदेश में पार्टी को नई मजबूती प्रदान करें, यही उनका संकल्प है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित