रायपुर , जुलाई 26 -- कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट का 28 जुलाई को प्रस्तावित रायपुर दौरा फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
श्री पायलट राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) विवाद और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस नेताओं, युवा कांग्रेस तथा एनएसयूआई पदाधिकारियों के साथ बैठक करने वाले थे।
प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के अनुसार केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद बदले राजनीतिक घटनाक्रम और नई दिल्ली में लगातार हो रही बैठकों के कारण श्री पायलट फिलहाल रायपुर नहीं आ सकेंगे। उनका पूरा ध्यान राष्ट्रीय स्तर पर आंदोलन की आगामी रणनीति तय करने पर केंद्रित है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि दौरा रद्द नहीं किया गया है और इसकी नई तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी।
श्री पायलट के दौरे को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी थीं। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत वह नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ियों, छात्रों के भविष्य और केंद्र सरकार की शिक्षा नीतियों को लेकर पार्टी नेताओं, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारियों के साथ चर्चा करने वाले थे। उनके प्रेस वार्ता और पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में शामिल होने का भी कार्यक्रम था।
प्रदेश कांग्रेस का कहना है कि शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद पार्टी अब नीट मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूती से उठाने की रणनीति बना रही है। पार्टी का दावा है कि यह छात्रों के संघर्ष का परिणाम है, हालांकि परीक्षा प्रणाली में सुधार और जवाबदेही तय होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित